ऊना। जिले में मंगलवार को मौसम ने करवट लेते हुए लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते ऊना का अधिकतम तापमान घटकर 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू के बीच यह बदलाव लोगों के लिए काफी राहत भरा रहा। दिनभर ठंडी हवाएं चलने से वातावरण भी सुहावना बना रहा। हालांकि शाम के समय मौसम साफ हुआ। लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच हल्की बूंदाबांदी व बादलों ने काफी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी जिले में मौसम खराब रहने की संभावना है।