ऊना। कम यात्री संख्या के कारण एचआरटीसी ऊना डिपो ने रविवार को 15 ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन बंद रखा। इससे बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए घरों से निकले ग्रामीण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई यात्री बस अड्डों पर इंतजार करते रहे, जबकि कुछ को निजी वाहनों और अन्य रूटों की बसों का सहारा लेना पड़ा। एचआरटीसी अधिकारियों के अनुसार रविवार को ग्रामीण रूटों पर सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों की संख्या काफी कम रहती है।
ऐसे में कई बसें लगभग खाली चलती हैं, जिससे निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसी वजह से प्रत्येक रविवार कम सवारी वाले रूटों पर बस सेवाएं स्थगित रखी जाती हैं।
रविवार को जिन रूटों पर पर्याप्त यात्री नहीं मिले, वहां बसों का संचालन नहीं किया गया। इसका असर विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के उन लोगों पर पड़ा, जिन्हें आवश्यक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय और अन्य स्थानों पर जाना था।
उधर, एचआरटीसी ऊना के कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक राजेश जोशी ने बताया कि रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों से यात्रियों की संख्या काफी कम रहती है। ऐसे रूटों पर बसें खाली चलने से निगम को घाटा होता है। जिन बसों का संचालन रविवार को नहीं किया जाता, उनकी सर्विसिंग और रखरखाव का कार्य इसी दिन कराया जाता है, ताकि अन्य दिनों में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।