लोगों को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल(ऊना)। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के दिशा-निर्देश पर प्रदेश में नशा विरोधी युद्ध फेज-2 मुहिम शुरू हो गई है। उपमंडल नंगल के अजोली, विभौर साहिब, नंगल वार्ड, भंगत, बरारी, एलगरां, भल्लड़ी और बैंसपुर में गांवों के पहरेदार अभियान की शुरुआत हुई।
जिला समन्वयक हरप्रीत सिंह और मोहित दीवान ने बताया कि युवा विलेज डिफेंस कमेटी में मिस्ड कॉल से शामिल हो सकते हैं और उन्हें पंजाब सरकार द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। 10-30 जनवरी के बीच राज्य की हर गली, मोहल्ला और गांव में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। एसडीएम सचिन पाठक ने कहा कि नशे को केवल जन-आंदोलन से ही रोका जा सकता है, जबकि डीएसपी हरकीरत सिंह ने कहा कि पंजाबियों में हर समस्या से निपटने की अद्वितीय क्षमता है। समन्वयक हितेश शर्मा दीपू ने बताया कि अभियान के आयोजन स्थलों पर पुख्ता इंतजाम और प्रचार किया जा रहा है।