सूरी में रिहायशी मकान के साथ गिरे आम के पेड़ के विशाल टहने का दृश्य। संवाद
चकसराय (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत सूरी में अंधड़ और मूसलाधार बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रिहायशी मकान के बिल्कुल साथ वर्षों पुराने आम के पेड़ की एक बड़ी टहनी अचानक टूटकर नीचे गिर गई। घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या पशुधन का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि टहनी के गिरने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी कतराते रहे।
स्थानीय निवासी सुदर्शन ठाकुर ने बताया कि यह आम का पेड़ काफी पुराना है और इसकी कई शाखाएं पहले से ही कमजोर हो चुकी थीं। उन्होंने काफी समय पहले ही वन विभाग के स्थानीय बीओ से लेकर डीएफओ तक को लिखित आवेदन देकर पेड़ को कटवाने या कम से कम इसकी शाखाओं की छंटाई करवाने की मांग की थी। विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। सुदर्शन ठाकुर का कहना है कि यदि वन विभाग समय रहते उनकी शिकायत पर कार्रवाई करता तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने कहा कि पेड़ की शेष शाखाएं भी मकान की ओर झुकी हुई हैं, जिससे भविष्य में बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभाग से तुरंत निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वन मंडलाधिकारी ऊना विकल्प यादव का कहना है कि संबंधित क्षेत्र के स्टाफ को जल्द ही प्रभावित इलाके का दौरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।