टाहलीवाल में तेजधार हथियार से हमला कर किया था घायल
पीजीआई चंडीगढ़ में हैं उपचाराधीन, अभी तक बयान दर्ज नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल में तेजधार हथियार से हमले में घायल लखविंदर कुमार की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार वह अभी भी पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं। उसका बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सका है।
जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल की रात करीब 12:15 बजे लखविंदर और उनके दो साथी विशाल कुमार और हिम्मत सिंह उर्फ हैप्पी हरोली उत्सव से लौट रहे थे। टाहलीवाल के केपी होटल के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में लखविंदर पर तलवार और अन्य तेजधार हथियारों से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने विशाल कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है। इलाके में तनाव बना हुआ है और स्थानीय लोगों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच तेज गति से चल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।