विधायक सुदर्शन बबलू ने बुधवार को किया उद्घाटन
परियोजना से करीब 3000 की आबादी होगी लाभान्वित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बुधवार को पंजोआ में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनी उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से लडोली पंचायत के लगभग 3000 लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। विधायक ने कहा कि लडोली पंचायत में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान अब हो चुका है। इस परियोजना का निर्माण भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए किया है और यह योजना आने वाले 25 वर्षों तक क्षेत्र की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी होगी।
लडोली में हर एक खेत तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने का प्रारूप तैयार कर लिया है और अगले एक वर्ष तक सभी को सिंचाई सुविधा मिलेगी। विधायक बबलू ने कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में समग्र और संतुलित विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
बबलू ने कहा कि लडोली में डे-बोर्डिंग स्कूल का कार्य जल्द शुरू होगा और इसके लिए सरकार की ओर से दो करोड़ की पहली किस्त जारी हो चुकी है। क्षेत्र के विकास के लिए फंड की कमी नहीं, लेकिन जब विकास कार्य शुरू करने की बारी आती है तो इसमें अड़ंगा लगाने वाले शरारती तत्वों की भी कमी नहीं है। ये खास किस्म के लोग हर पंचायत में पाए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रयास कर ले, अब विकास की रफ्तार रुकने वाली नहीं है। कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय जनता की समस्याएं भी सुनीं।
इस मौके पर डीसी ऊना जतिन लाल, एसपी अमित यादव, जलशक्ति विभाग के एसई नरेश धीमान, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, डीएसपी डॉ. वसुधा सूद, अधिशासी अभियंता एचएस जस्सल, सहायक अभियंता नीरज धीमान, राकेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुखविंद्र सिंह सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।