ऊना। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने हरोली विस क्षेत्र के पालकवाह गांव में 93 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कूड़ा संयंत्र का सोमवार को शिलान्यास किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एचपीएसआईडीसी) के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार भी उपस्थित रहे। इस संयंत्र से 10 पंचायतों के 28 हजार 696 निवासियों को लाभ मिलेगा, जिसमें सैंसोवाल, रोड़ा, हरोली, भदौड़ी, पालकवाह, कर्मपुर, चंदपुर, कुंगड़त, ललड़ी तथा नंगल खुर्द शामिल हैं।
कंवर ने पालकवाह कूड़ा संयंत्र को मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में 10-10 पंचायतों का कलस्टर बनाकर कूड़े का सही निपटारा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए साढ़े सात करोड़ रुपए की लागत से प्रत्येक विकास खंड में कूड़ा संयंत्रों का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कूड़ा संयंत्र में रसोई से निकलने वाले कचरे की खाद बनाई जाएगी तथा प्लास्टिक को भी अलग से बेचा जाएगा।
कार्यक्रम में प्रो. राम कुमार ने कहा कि चार कनाल जमीन में बन रहे कूड़ा संयंत्र का आने वाले समय में विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रमोद, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र राणा, जिला परिषद सदस्य कमल सैणी, ओंकार नाथ कसाणा, रजत ठाकुर, सतीश ठाकुर, हिमकैप्स के चेयरमैन देसराज राणा, दर्शन सिंह, राजीव कुमार, पंचायत समिति की अध्यक्ष रजनी, सतीश कुमार, एसडीएम विकास शर्मा व बीडीओ अनिल कुमार गुरुड़ा, पालकवाह की प्रधान परमजीत कौर, कर्मपुर के प्रधान दिलबाग, गुलविंदर गोल्डी, हरीश, प्रवीण जोशी, धर्मेंद्र राणा, अमरीक सिंह, संयोगिता देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।