ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत पंडोगा चौकी क्षेत्र में बच्ची के अपहरण मामले में एक प्रवासी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सूर्यनारायण यादव उर्फ सूरज गांव कविलशी तहसील व थाना सौर बाजार जिला सहरसा बिहार को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया है। जहां पर न्यायालय से आरोपी की दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दूसरी ओर पुलिस ने अपहरण हुई बच्ची के बयान कलमबद्ध कर लिए है। स्वास्थ्य जांच से परिजनों सहित बच्ची ने इनकार कर दिया है। बच्ची ने अपने बयानों में किसी प्रकार की अनैतिक गतिविधि किए जाने से इनकार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 वर्षीय बच्ची के लापता होने की शिकायत मिलने के पुलिस की टीम ने आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की। जांच पड़ताल में सामने आया कि एक 60 वर्ष के बुजुर्ग उसी दिन से गायब थे, जिस दिन बच्ची लापता हुई थी। इसके बाद पंडोगा में स्थित झुग्गियों में पूछताछ की। इस दौरान आरोपी प्रवासी के पास मोबाइल होने की बात सामने आई। पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रैक करना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी की लोकेशन पंजाब के राजपुरा रेलवे स्टेशन की आई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान लापता बच्ची को भी उसके पास से बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि इससे पहले वह राजपुरा में काम करता था। उसने वहां किसी से पैसे लेने थे। क्योंकि उसके पास आगे जाने के लिए पैसे नहीं थे। उसे पैसे नहीं मिले और वह रेलवे स्टेशन में बैठ गया।
अभी तक हुई पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि वह गलती से बच्ची काे अपने साथ ले गया था। बच्ची के माता-पिता को इसके बारे में जानकारी देना भूल गया लेकिन पुलिस इसे मानने को तैयार नहीं है। जांच टीम का कहना है अभी तक की गई पड़ताल में सामने आ रहा है कि आरोपी गलत इरादे से बच्ची को अपने साथ लेकर गया था। आरोेपी पंडोगा में मजदूरी का काम करता था और बिहार का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है।