ऊना के इंदिरा मैदान में सांसद खेल महाकुभं के शुभारंभ के दौरान मुख्यतिथि के साथ खिलाड़ी।संवा
ऊना। इंदिरा गांधी खेल मैदान में शुक्रवार को खेल महाकुंभ (ऊना विधानसभा क्षेत्र) का आगाज हुआ। इसमें क्रिकेट, वॉलीबाल और कबड्डी के मुकाबले होंगे। पहले दिन क्रिकेट के 10-10 ओवर के लीग मुकाबले हुए।
इसमें ऊना विधानसभा क्षेत्र से 16 टीमों ने भाग लिया। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों की सराहना की।
वहीं, खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। खेल महाकुंभ के पहले दिन क्रिकेट लीग मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला अरनियाला -11 और मैहतपुर-11 के बीच हुआ। मैहतपुर की टीम ने 10 ओवर में 135 रन बनाए।
जबकि अरनियाला की टीम 49 रनों में ही ऑलआउट हो गई। 86 रन से मैहतपुर की टीम विजेता रही। दूसरा मुकाबला मोनू बसदेहड़ा-11 और सिंह-11 ऊना के बीच खेला गया। सिंह-11 की टीम 56 रन में ही ऑलआउट हो गई। मोनू बसदेहड़ा की टीम ने पांच ओवर में ही 57 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
तीसरा मुकाबला गलुआ-11 और बसदेहड़ा-11 के बीच हुआ। गलुआ की टीम 50 रन पर ऑलआउट हुई। वहीं, बसदेहड़ा टीम ने तीन ओवर में 51 रन बनाकर मुकाबला जीता।
क्रिकेट टीम ऊना के संयोजक विनय ने बताया कि विजेता टीम को पार्लियामेंट स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। इस मौके पर विधानसभा ऊना खेल महाकुंभ के संयोजक सुशील कुमार, सह संयोजक रमन कुमार, अभिषेक कालिया प्रमोद वर्मा, पुरूषोतम भाटिया, विशाल भाटिया मौजूद रहे। संवाद