थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत निर्माणाधीन खरुणी से खैरिया सड़क का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। इस सड़क का निर्माण नाबार्ड के तहत किया जा रहा है। यह सड़क खरुणी बाया चपलाह, डीहर और चंबोआ से होते हुए खैरियां गांव तक निकाली जा रही है। इस सड़क को नाबार्ड के तहत 5.98 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। सड़क के निर्माण से पांच गांवों के करीब 3000 लोगों को सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों में औंकार शास्त्री, मुनीष, योगराज, अशोक कुमार, जगदीश का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस सड़क की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होती नजर आ रही है। इस सड़क के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एनके लखनपाल ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है और विभाग द्वारा गुणवत्ता के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस परियोजना के तहत सड़क को आधुनिक तकनीक के अनुसार तैयार किया जा रहा है। जिससे इसकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के हर गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना है। विधायक ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से चपलाह, डीहर, चंबोआ सहित कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। छात्रों को स्कूल पहुंचने में आसानी होगी, वहीं मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक समय पर पहुंचाने में भी यह सड़क सहायक सिद्ध होगी।