ऊना। जिले के घालूवाल में पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने एक प्रवासी महिला को 940 ग्राम गांजा बरामद होने के मामले में काबू किया है। आरोप है कि महिला झोपड़ी और उसके आसपास की झाड़ियों में गांजा छिपाकर ग्राहकों को बेचने का काम करती थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसआईयू ऊना के एएसआई त्रिलोचन सिंह अपनी टीम के साथ सोमवार शाम को घालूवाल क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान सूचना मिली कि घालूवाल में प्रवासियों की झोपड़ियों में रहने वाली खुशबू पत्नी अमित कुमार निवासी बिहारीगंज, जिला मधेपुरा बिहार, हाल रिहायश घालूवाल, जिला ऊना अपनी झोपड़ी और उसके आसपास की झाड़ियों में गांजा छिपाकर रखती है और वहीं से बेचती है। सूचना मिलने के बाद एसआईयू टीम ने सूचना उच्च अधिकारियों को भेजी और मौके पर स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर कार्रवाई की। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर लिया और आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है।