विजेताओं को हेलमेट प्रदान कर किया गया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय महाविद्यालय ऊना में सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में पावर प्वाइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके प्रस्तुति कौशल को निखारना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता आरटीओ ऊना अशोक कुमार थे, जबकि गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में डॉ. संजय वर्मा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को यातायात नियमों के पालन के महत्व का प्रभावी संदेश दिया। विजेताओं को हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो छात्रों और समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जिया सिंह (बीकॉम प्रथम वर्ष), द्वितीय पुरस्कार ईशा ठाकुर (बीकॉम द्वितीय वर्ष), तृतीय पुरस्कार मेहक ठाकुर (बीसीए द्वितीय वर्ष) ने हासिल किया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की पहल को प्रोत्साहित करते हुए आयोजित किया गया।