स्वर्णतकारों की हड़ताल, सोना छोड़ बेचे फल फ्रूट कर जताया रोष
- फोटो : अमर उजाला
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में जिला स्वर्णकार संघ का प्रदर्शन लगातार जारी है। लगभग 29 दिन से सुनार अपनी दुकानें बंद करके हड़ताल पर हैं। स्वर्णकार रोजाना नए तरीकों से विरोध-प्रदर्शन करके केंद्र सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने में जुटे हैं।
बुधवार को स्वर्णकारों ने एमसी पार्क में रेहड़ियों पर आलू, टमाटर सहित अन्य सब्जियां बेचकर अपना विरोध जताया। स्वर्णकार संघ के जिला अध्यक्ष सोमनाथ सर्राफ और विजय कोहली के अनुसार एक्साइज ड्यूटी के विरोध में स्वर्णकार करीब एक महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार तक इस वर्ग की आवाज नहीं पहुंच रही है।
ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार स्वर्णकारों का कारोबार बंद करने का हठ करके बैठी है। जब तक केंद्र उनकी मांगों को नहीं मानती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
स्वर्णकार शाम हांडा, किशोरी लाल और मूलराज ने कहा कि सरकार का यही रवैया रहा, तो स्वर्णकारों को सोने का व्यापार छोड़कर अन्य काम धंधे शुरू करने पड़ेंगे। इस मौके पर स्वर्णकार अशोक कुमार, टेक चंद सोनी, संजीव कुमार, अवतार धीमान, विक्रम, जनक, प्रिंस और संजीव कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।