कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला ऊना के प्रधान रजनीश शर्मा के नेतृत्व में आए जिले के विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों के साथ शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त सलाकार समिति (जेसीसी) की बैठक शीघ्र आयोजित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि लंबे समय से कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगे लंबित हैं, जिन पर चर्चा और समाधान के लिए बैठक करना अत्यावश्यक है। इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने बैठक में चर्चा के लिए एक मांगपत्र भी उपायुक्त को सौंपा।
उपायुक्त ने कर्मचारी प्रतिनिधियों की बात ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वासन दिया कि जल्द ही जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ परामर्श कर जेसीसी की बैठक जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा करके यथोचित समाधान किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में हि.प्र. अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला ऊना के महासचिव राजेश कुमार, वरिष्ठ उपप्रधान तारा सिंह, शहरी इकाई के जिला प्रतिनिधि मुकेश धीमान व सुरेंद्र कौंडल, हरोली खंड के सचिव प्रेम जसवाल व सदस्य कमल कुमार शामिल रहे।