ऊना। ऊना की स्वां नदी में लगातार जेसीबी मशीनों के माध्यम से किए जा रहे खनन से नदी क्षेत्र में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन नदी में खनन गतिविधियां जारी हैं, जिससे आम लोगों और पशुओं के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि खनन के कारण बने गहरे खड्डे बरसात के मौसम में पानी से भर जाते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों और बच्चों के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि स्वां नदी में हो रहे खनन की जांच की जाए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
वहीं लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रोजाना जेसीबी मशीनों से खनन किया जा रहा है लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। पुलिस नियमानुसार नियमित तौर पर चालान कर रही है।