संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के बाजारों में जामुन ने दस्तक दे दी है। वर्तमान में जामुन 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। बारिश के बाद शहर में सीजन का पहला जामुन आ चुका है। जामुन को सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। ऐसे में लोग इन दिनों जामुन की जमकर खरीददारी करेंगे। बता दें कि जामुन को इंडियन ब्लैकबेरी भी कहते है। इसमें एस्ट्रीन्जेंट और एंटी-ड्यूरेटिक जैसे गुण शामिल होते हैं। जामुन खाने से पहले उसे अच्छी तरह से साफ करना ज़रूरी है। जामुन को खाने से पहले एक छलनी में निकाल लें और बहते पानी के नीचे धोएं। इससे अगर जामुन में कहीं गंदगी या मिट्टी लगी होगी वह आसानी से साफ हो जाएगी। इसके बाद ही जामुन का सेवन करें।
जामुन में होता है काफी मात्रा में आयरन
जिला आयुर्वेेदिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. विनय जसवाल ने बताया कि जामुन में कई प्रकार के औषधीय गुण पाए जाते हैं। जामुन में विटामिन सी और आयरन भरपूर मात्रा में होता है। इसके अलावा जामुन मधुमेह को नियंत्रित रखने में काफी मदद करता है। साथ ही खून को बढ़ाने के लिए भी मदद करता है। जामुन का अगर काले नमक के साथ सेवन किया जाए तो पाचन तंत्र को भी ठीक रखता है।