मुबारिकपुरचौक रविवार में शाम को लगा जाम। –संवाद
चारों दिशाओं में जाने वाली बसें चौक पर रोकने से बढ़ी समस्या
ऊंची पहुंच के चलते ट्रांसपोर्टर नहीं मारते ट्रैफिक पुलिस की परवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। मुबारिकपुर में जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। मुख्य चौक के पास बसों के खड़े होने से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय दुकानदारों और पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का मुख्य कारण यहां चारों दिशाओं को जाने वाली बसों का चौक के बिल्कुल पास रुकना है, जहां सवारियां चढ़ाई और उतारी जाती हैं। इसका असर बाजार में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। नियमित रूप से आने-जाने वाले लोग जाम में फंसकर अपने समय और धैर्य दोनों खोते जा रहे हैं। स्थानीय व्यापारी नेता यशपाल सिंह ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है, क्योंकि ऊंची पहुंच होने के कारण ट्रांसपोर्टर यहां तैनात पुलिस कर्मियों की परवाह ही नहीं करते। ऊपर से प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। अगर इसे जल्द नहीं सुलझाया गया तो व्यापारियों और जनता को एकजुट होकर आंदोलन करना पड़ेगा। जनता का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधे हुए है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि नई व्यवस्था लागू कर बसों में सवारियां चढ़ाने और उतारने के लिए अलग स्थान तय किया जाएगा, ताकि मुख्य चौक पर यातायात सुचारु हो सके। फिलहाल प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है, लेकिन जाम से परेशान अवाम के लिए यह समस्या एक बड़ी चुनौती बन चुकी है।
बॉक्स
समस्या से परिचित हूं। समय-समय पर ट्रैफिक विंग को इसके निस्तारण के लिए निर्देश जारी किए जाते हैं। अब मैं स्वयं मौके पर जाकर शीघ्र ही इसका स्थायी समाधान निकालूंगा।
अनिल कुमार, थाना प्रभारी अंब