क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शवों के पोस्टमार्टम के बाद उन्हें वापस सासण ले जाते समय स्थानीय रेड लाइट चौक पर बसपा प्रदेशाध्यक्ष विजय नायर की अगुवाई में फिर चक्का जाम किया गया। बसपा ने लोगों को साथ लेकर हादसे में मारे गए दोनों युवाओं के शव वाहन को रेडलाइट चौक पर रुकवा दिया।
इस दौरान नंगल रोड, अंब रोड और हमीरपुर रोड से पूरी ट्रैफिक को रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक लगे जाम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जाम की सूचना मिलते ही एएसपी मदन लाल कौशल, डीएसपी कुलविंद्र सिंह और एसडीएम पृथीपाल सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जाम के बाद विजय नायर ने जिला प्रशासन को रात तक का समय देते हुए अपनी मांगें रखीं और मांगें पूरी न होने पर वीरवार से उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 40-40 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। धार्मिक संस्थानों के ऊपर से गुजर रही किसी भी तरह की बिजली लाइन को तुरंत बदला जाए और मामले के आरोपी बिजली बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत सस्पेंड करने की मांग रखी।