थानाकलां (ऊना)। मूसलाधार बारिश ने बंगाणा में जल शक्ति विभाग के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। तेज बहाव की चपेट में आकर पेयजल योजनाओं का ढांचा और पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रारंभिक आकलन में विभाग ने करीब चार करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
योजनाओं को नुकसान पहुंचने से कई गांवों में नलों से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है और ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरत के लिए पानी जुटाने में परेशानी हो रही है।
विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेकर मरम्मत शुरू कर दी है। तकनीकी कर्मचारी और फील्ड टीमें मौके पर काम कर रही हैं। अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग हरभजन सिंह ने कहा कि बंगाणा मंडल में बरसात के दौरान करीब चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
क्षतिग्रस्त योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए विभागीय टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं।