मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर मुख्य बाजार में डिवाइडर पट्टी पर रेलिंग लगाए जाने के बाद सड़क पार करना आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। रेलिंग में बनाए गए अधिकांश कट बंद कर करने से न केवल राहगीरों बल्कि दुकानदारों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बाजार में इस पार से उस पार जाने के लिए लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। मंगलवार को कई बच्चों को रेलिंग पर चढ़कर सड़क पार करते देखा गया जो न केवल जोखिम भरा है बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले रेलिंग में बनाए गए कट से आवागमन आसान था लेकिन अब इन्हें बंद कर देने से समस्या और बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार, जेब्रा क्रॉसिंग को भी बंद कर दिया गया है जिससे पैदल चलने वालों की परेशानी और बढ़ गई है। व्यापारियों ने बताया कि कट बंद होने से विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि मुख्य बाजार में हादसों को रोकने के लिए कट बंद करना जरूरी है।
व्यापार मंडल मैहतपुर-बसदेहड़ा के प्रधान सुभाष ऐरी ने प्रशासन से मांग की है कि या तो रेलिंग में उचित संख्या में कट दिए जाएं या फिर जेब्रा क्रॉसिंग को बहाल किया जाए ताकि राहगीरों को सुविधा मिल सके।
व्यापार मंडल मैहतपुर-बसदेहड़ा के महासचिव संजय भारद्वाज ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं लेकिन आम लोगों और कारोबारियों की सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए।