53 लाख से बन रहे मैरिज पैलेस, खेल मैदान और रहन बसेरा का विधायक ने किया निरीक्षण
एसडीएम बंगाणा की अध्यक्षता में कमेटी गठित करके दिए जांच के आदेश
ठेकेदार को दी जाने वाली धनराशि पर भी रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की धतोल पंचायत के माता जमासनी मंदिर के पास 53 लाख की लागत से बन रहे मैरिज पैलेस, खेल मैदान और रैहन बसेरा का विधायक विवेक शर्मा ने वीरवार को निरीक्षण किया। निर्माणाधीन मैरिज पैलेस की खस्ता हालत को देखकर विधायक ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं। निर्माण कार्य में ठेकेदार की ओर से घटिया मैटीरियल लगाया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने से पूर्व ही नींव जमीन से बाहर होने पर विधायक विवेक शर्मा ने संज्ञान लेते हुए एसडीएम बंगाणा की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करके जांच के आदेश दिए हैं। तत्काल प्रभाव से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब करने को कहा है। वहीं, ठेकेदार को दी जाने वाली धनराशि पर भी रोक लगाने के आदेश दिए हैं। विधायक विवेक शर्मा ने मैरिज पैलेस भवन जमासनी माता के निर्माण में हो रही अनियमिताओं पर एसडीएम बंगाणा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी बनाई गई है, जो इस मामले की गहनता से जांच करेगी।
भवन की जांच कमेटी में ये अधिकारी होंगे शामिल
भवन के निर्माण कार्य की जांच के लिए बनाई गई कमेटी में एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, निर्माण कार्यों के लिए जिम्मेदार विभाग के अधिकारी, और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस कमेटी के सदस्य जल्द ही मामले की जांच शुरू करेंगे और समय सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
16 सितंबर 2023 को देवेंद्र कुमार भुट्टो ने किया था शिलान्यास,
बंगाणा की धतोल पंचायत के माता जमासनी मंदिर के पास 53 लाख से बनने वाले मैरिज पैलेस का तत्कालीन विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने 16 सितंबर 2023 को शिलान्यास किया था। एक वर्ष में कार्य पूरा करने जनता को समर्पित करने के आदेश दिए थे।