प्रशासन ने अपने स्तर पर विशेष टीम गठित करने की तैयारी की
उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित केंद्रों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना में नशा मुक्ति केंद्रों की जांच के दौरान एक केंद्र को बंद कर दिया गया है, जबकि दो अन्य केंद्रों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार करके संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दी गई है। सीएमओ ऊना अपने स्तर पर आगामी कार्रवाई करेंगे।एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्रों की जांच जारी है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर अब एक विशेष टीम गठित करने की तैयारी है, जो औचक निरीक्षण करेगी। टीम द्वारा मरीजों की संख्या, प्रवेश और डिस्चार्ज का रिकॉर्ड, इलाज की अवधि, स्टाफ की योग्यता और केंद्रों की मान्यता से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
इससे पहले संतोषगढ़ स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन चार मरीज वीरवार दोपहर को भाग गए थे। केंद्र के कर्मचारी को पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया था। भागे मरीजों में हरप्रीत सिंह (गांव सहोता, जिला नवांशहर, पंजाब), मनप्रीत सिंह (मकी कला, जिला फरीदकोट, पंजाब), अंशुल (शेखपुरा, जिला नवांशहर, पंजाब) शामिल हैं। जशन (गांव गोंदपुर, जिला नवांशहर, पंजाब) को पकड़ लिया गया।
सीएमओ ऊना डॉ. एसके वर्मा ने कहा कि विभाग नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करता है और पंजीकरण न होने वाले केंद्रों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाती है। जिस केंद्र में कर्मचारियों के साथ मारपीट हुई, उसकी पुलिस जांच जारी है। जांच के दौरान केंद्र में सामने आने वाली किसी भी अनियमितता पर विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।