ऊना। वन विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी ने संस्था की आड़ में अपनी पत्नी के नाम पर भूमि खरीद और अलग-अलग जगह पर बहुमंजिला भवनों के निर्माण के मामले में डीसी ऊना ने जांच तेज कर दी है। इस दिशा में ऊना जिला के सभी एसडीएम को संबंधित मसले के बारे में रिपोर्ट प्रेषित करने के लिए लिखित तौर पर आदेश जारी किए हैं। विजिलेंस विभाग की ओर से उपायुक्त ऊना को इस मसले के बारे में तमाम तरह के पहलुओं की पड़ताल करते हुए रिपोर्ट पेश करने के लिए पत्र लिखा है। इसमें डीसी ऊना जतिन लाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मसले का कड़ा संज्ञान लिया है।
बता दें कि जिला में संस्था का संचालन वन विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी की पत्नी के नाम पर किया गया है और खुफिया विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी मनोज कौशल ने विजिलेंस विभाग में इस मसले की शिकायत की। जिसमें पांच स्थानों पर 150 कनाल से अधिक भूमि खरीदने और बहुमंजिला भवन निर्माण करने और संस्था के पैसे का दुरुपयोग करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद विजिलेंस विभाग ने इस मसले को लेकर उपायुक्त ऊना को स्थिति स्पष्ट करने के लिए लिखित रूप में पत्र जारी किया है। विजिलेंस विभाग की ओर से उपायुक्त ऊना को पत्र मिलने के बाद उन्होंने इस मसले में संबंधित एसडीएम से रिपोर्ट तलब की है। अब देखना यह बाकी है कि ऊना जिला के अलावा किन-किन जिलों में वन विभाग के पूर्व अधिकारी ने भूमि की खरीद फरोख्त की है। मामला उजागर होने के बाद विजिलेंस विभाग के अधिकारी भी अपने स्तर पर पड़ताल करने में जुट गए हैं। वहीं शिकायतकर्ता ने भी विजिलेंस विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि अन्य संबंधित जिलों के उपायुक्तों से भी इस संदर्भ में रिपोर्ट मांगी जाए ताकि इस मसले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच हो सके और सच्चाई जनता के सामने आ सके। असल मायने में संस्था के नाम पर जो पैसे एकत्रित किए गए हैं, उनकी भी साफ तस्वीर जनता के सामने आ सके। उपायुक्त ऊना जतिन लाल का कहना है कि इस मसले को लेकर विजिलेंस विभाग से पत्र प्राप्त हुआ है। जिला के सभी एसडीएम से स्थिति स्पष्ट करने के लिए रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और विजिलेंस विभाग को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित की जाएगी।