स्कूल खुलने पर एहतियातन सावधानियां बरतने के आदेश
आने वाले दिनों में संक्रमण बढ़ने का बना हुआ है खतरा
निदेशालय ने सभी स्कूल प्रबंधकों को जरूरी सावधानियां बरतने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में एक जुलाई से सभी सरकारी और हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत आते निजी स्कूल खुलने जा रहे हैं। एक माह बाद दोबारा शुरु हो रही कक्षाओं को लेकर शिक्षा निदेशालय ने हर प्रकार की सावधानी बरतने की हिदायत दी है। खासकर देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस सिलसिले में निदेशालय की ओर से एक पत्र भी स्कूलों को जारी किया गया।
जानकारी के अनुसार शिक्षा निदेशालय ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों जैसे अस्पताल, बस अड्डा, सरकारी कार्यालयों और अन्य स्थान जहां भीड़ रहती है, वहां बिना मास्क पहने न जाएं। ऐसे स्थानों पर दरवाजे के हैंडल, सीढ़ियों की रेलिंग, टेबल आदि को स्पर्श करने से बचें। निदेशालय की ओर से कहा गया है कि प्रयास करें कि स्कूलों में सोशल डिस्टेंस मानकों का पालन हो। समय-समय पर साबुन या सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर हाथों को साफ करें। विद्यार्थियों, अध्यापकों या स्टाफ में सर्दी, खांसी या बुखार के मामले आने पर उनकी एहतियातन जांच करवाएं।
ध्यान रहे कि एक माह की छुट्टियों में कई विद्यार्थी, अध्यापक और स्टाफ बाहरी इलाकों में रहकर लौट रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण को लेकर स्कूलों में विशेष सावधानी बरती जा रही। स्कूलों में सफाई व्यवस्था को भी परखा जा रहा है। शिक्षा विभाग की टीम स्कूलों में जाकर पेयजल, कक्षाओं की साफ सफाई और रसोई घरों की व्यवस्था परखेगी। जुलाई माह में मानसून चरम पर रहेगा। ऐसे में संक्रमण फैसले की संभावना भी अधिक रहेगी। जिसे ध्यान में रखकर आगे की रणनीति तैयार की जा रही।
-
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल कुमार ने कहा कि सभी स्कूलों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। अगर किसी विद्यार्थी या अध्यापक में लक्षण महसूस हो रहे हैं तो एहतियातन जांच कराएं। स्वास्थ्य बेहतर होने पर भी स्कूलों का रुख करें।