नगर पंचायत अंब में मतदाता सूची निरीक्षण के लिए हुई विशेष बैठक
आठ से 17 अक्तूबर तक चलेगा मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन
नगर पंचायत अंब में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत अंब पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में मतदाता सूचियों के निरीक्षण के संबंध में एक विशेष बैठक का आयोजन नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष इंदु धीमान, उपाध्यक्ष उपदेश कुमार और सचिव हर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को किया गया। बैठक में सभी पार्षदों और कार्यालय कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान 8 से 17 अक्तूबर 2025 तक मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इंदु धीमान और हर्ष गुप्ता ने लोगों से आग्रह किया कि वे नगर पंचायत कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय तथा एसडीएम कार्यालय अंब में जाकर मतदाता सूचियों का निरीक्षण करें।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड और जन्मतिथि प्रमाणपत्र सहित फार्म नंबर-4 भरकर रिवाइजिंग ऑफिसर के पास जमा करवा सकता है। इसी प्रकार नाम पर आपत्ति दर्ज करवाने के लिए फार्म नंबर-5 और त्रुटियों के संशोधन के लिए फार्म नंबर-6 भरकर 8 से 17 अक्तूबर तक जमा किया जा सकता है।
अध्यक्ष इंदु धीमान ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का सांविधानिक अधिकार है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी नागरिकों का वैध मत बनवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय रहते सूची में आई त्रुटियों का सुधार करवाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पार्षदों, कार्यालय कर्मियों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें और आगामी पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।