घनारी (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनारी में वीरवार को बैग-फ्री डे के उपलक्ष्य में विविध शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित मोहन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय परिसर में गणित ओलंपियाड, सामान्य ज्ञान क्विज, नाटक प्रस्तुति तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।उपप्रधानाचार्य डॉ. गुरदीप सिंह ने जानकारी दी कि गणित ओलंपियाड में विद्यार्थियों ने जटिल गणितीय प्रश्नों को सरलता से हल कर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। प्रवक्ता रविंद्र सिंह एवं सुषमा शर्मा ने बताया कि सामान्य ज्ञान क्विज में छात्रों ने इतिहास, विज्ञान, समसामयिक घटनाओं एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों के आत्मविश्वासपूर्ण उत्तर देकर सभी को प्रभावित किया। स्किट प्रतियोगिता में छात्रों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर हास्य-व्यंग्य के माध्यम से प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इनमें पर्यावरण संरक्षण, मोबाइल की लत और अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
डीपीई संजीव कुमार ने बताया कि फन गेम्स ने छात्रों के उत्साह को दोगुना कर दिया। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने टीम भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य ललित मोहन ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।