ऊना। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी और निजी वरिष्ठ माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों को अपने संस्थान से संबंधित विस्तृत शैक्षणिक और आधारभूत सुविधाओं की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर जिला सांख्यिकीय कार्यालय में जमा करनी होगी। इस संबंध में शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर ऊना ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश जारी किए हैं।
जारी पत्र के अनुसार अनुसंधान अधिकारी, जिला सांख्यिकीय कार्यालय ऊना के पत्र के संदर्भ में यह सूचना केवल चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के लिए जारी की गई है। स्कूलों को ग्राम स्तरीय निर्देशिका (वीएलडी) प्रोफार्मा भरकर मिनी सचिवालय के तृतीय तल स्थित कमरा नंबर-318 में जिला सांख्यिकीय कार्यालय में जमा करवाना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में संबंधित विद्यालय स्वयं जिम्मेदार होगा।
प्रोफार्मा में विद्यालय से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी गई हैं। इसमें विद्यालय का नाम, सरकारी अथवा निजी श्रेणी, कक्षा छठी से बारहवीं तक विद्यार्थियों की कुल संख्या, वर्गवार (सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी) छात्र-छात्राओं का विवरण, 11वीं और 12वीं में मेडिकल, नॉन मेडिकल, आर्ट्स, कॉमर्स एवं व्यावसायिक शिक्षा के विद्यार्थियों का अलग-अलग आंकड़ा भरना होगा।
इसके अलावा विद्यालय में कार्यरत पुरुष एवं महिला शिक्षकों की संख्या, भवन की स्थिति, शौचालय, पेयजल, बिजली, इंटरनेट, खेल मैदान, मिड-डे मील और रसोई में प्रयुक्त ईंधन जैसी आधारभूत सुविधाओं का विवरण भी देना होगा। यह जानकारी 31 मार्च 2026 की स्थिति के अनुसार मांगी गई है।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल कुमार ने सभी प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को इस कार्य को अति आवश्यक मानते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।