दौलतपुर चौक कॉलेज के प्राध्यापकों ने किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक(ऊना)। सरकारी स्कूल घनारी में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और कॅरिअर विकल्पों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में दौलतपुर चौक कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्रवक्ता नैना सिंह और अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रवक्ता यासीन मोहम्मद ने रिसोर्स पर्सन के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बारहवीं कक्षा के सभी संकायों के विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया।
इस सत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, संसाधनों तथा भविष्य में रोजगार और कॅरिअर की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने स्नातक एवं अन्य उच्च शिक्षण पाठ्यक्रमों में प्रवेश के महत्व के साथ-साथ विभिन्न विषयों से जुड़े कॅरिअर विकल्पों पर भी प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य ललित मोहन ने बताया कि इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा और उन्हें अपने भविष्य की योजनाओं के लिए सकारात्मक दिशा में सोचने की प्रेरणा मिली। उपप्रधानाचार्य डॉ. गुरदीप सिंह, सोनिका चौधरी, सतीश के कालिया, संदीप, विकास चंद शर्मा सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।