ऊना। बल्क ड्रग पार्क में पहले प्लॉट तैयार किए जाएंगे, इसके बाद बिजली की लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। बिजली बोर्ड का कहना है कि यदि प्लॉट तैयार होने से पहले बिजली की लाइन बिछा दी जाती है तो बाद में प्लॉट निर्माण कार्य के दौरान दिक्कतें पेश आ सकती हैं। ऐसे में प्लॉट तैयार होने के बाद ही बिजली की लाइन बिछाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि, बिजली बोर्ड की ओर से पार्क के मुख्य द्वार तक बिजली की सप्लाई पहुंचा दी गई है।
फिलहाल बल्क ड्रग पार्क में भूमि समतल करने की प्रक्रिया चल रही है। जमीन को समतल करने के बाद प्लॉट विकसित करने का काम किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकतानुसार बिजली की लाइन बिछाई जाएगी ताकि भविष्य में प्लॉटों के निर्माण और औद्योगिक इकाइयों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
बिजली बोर्ड के अनुसार, निर्माण कार्य के विभिन्न चरणों को ध्यान में रखते हुए बिजली लाइन बिछाने की योजना बनाई जा रही है। यदि पहले ही लाइन बिछा दी जाती है तो प्लॉट तैयार करने और अन्य विकास कार्यों के दौरान लाइन को नुकसान पहुंचने या काम में बाधा आने की आशंका रहेगी।
बता दें कि बिजली उपलब्ध कराने के लिए 10 एमवीए क्षमता का सबस्टेशन तैयार कर लिया गया है। विद्युत बोर्ड के अनुसार इससे संबंधित करीब 95 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। गोंदपुर जयचंद से पोलियां तक 13 किलोमीटर डबल सर्किट लाइन के जरिये बिजली पार्क के मुहाने तक पहुंच चुकी है।
बल्क ड्रग पार्क करीब 1,405 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है।
10 एमवीए का सबस्टेशन बन कर तैयार है। बल्क ड्रग पार्क तक लाइन बिछाई जा चुकी है। बल्क ड्रग पार्क में प्लॉट बनने के बाद ही आगे लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
-राहुल पुरी, अधिशासी अभियंता विद्युत उपमंडल हरोली