गौंदपुर जयचंद अप्पर में उठाऊ सिंचाई योजना का शुभारंभ करते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री। स्त
ऊना। हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए 136 पुराने ट्यूबवेलों की री-ड्रिलिंग की जाएगी जबकि 50 नए जल भंडारण टैंकों का निर्माण होगा। करीब 101 करोड़ रुपये की इस योजना से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को हरोली में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं पर मौजूदा कार्यकाल में 500 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने ट्यूबवेल बंद होने या काम करना छोड़ने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। इन्हें दोबारा चालू करने के लिए री-ड्रिलिंग की जा रही है। योजना में नई पाइपलाइन बिछाने का प्रावधान भी है। इसके अलावा अब तक 88 जल भंडारण टैंक तैयार किए जा चुके हैं और और 50 अन्य टैंक बनाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बीत क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर करीब 75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे पालकवाह और कर्मपुर से बटकलां तक की जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके लिए मुख्य पंप हाउस बनाया जा रहा है और सौर ऊर्जा से पानी की आपूर्ति का प्रावधान भी किया गया है।
अग्निहोत्री ने कहा कि पंडोगा क्षेत्र के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की एक अन्य योजना भी स्वीकृति के करीब है। इस दौरान उन्होंने 36 करोड़ रुपये की पेयजल और सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया तथा टाहलीवाल सीवरेज योजना की आधारशिला भी रखी।