ऊना। शहर में बढ़ती अवैध पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। शहर के विभिन्न स्थानों पर करीब 200 स्प्रिंग पोस्ट लगाए जाएंगे ताकि सड़कों पर अनियंत्रित तरीके से खड़े होने वाले वाहनों पर रोक लगाई जा सके।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर के व्यस्त बाजारों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां स्प्रिंग पोस्ट स्थापित किए जाएंगे।
इन पोस्टों के लगने से वाहन चालक निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करने को बाध्य होंगे, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। अवैध पार्किंग के साथ-साथ सड़कों और फुटपाथों पर होने वाले अतिक्रमण पर भी इससे काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा।
कई स्थानों पर दुकानदारों और राहगीरों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
लंबे समय से शहर में अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे आमजन को परेशानी होती है। स्प्रिंग पोस्ट लगने से यातायात सुचारु होगा और शहर की व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।
शहर में अतिक्रमण व अवैध निर्माण को लेकर आगामी दिनों में नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। इस दौरान टीमें शहर का दौरा कर मौके पर पाए जाने वाले अतिक्रमण व अवैध पार्किंग को लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों के पालना न होने पर जुर्माना व सामान भी जब्त किया जाएगा।