बड़ूही (ऊना)। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंध के बावजूद चुरुड़ू-लोहारली पुल के समीप स्वां नदी में कथित रूप से दिन-रात अवैध खनन हो रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय पंचायत के वार्ड पांच निवासी सुरिंद्र कुमार का कहना है कि खनन प्रतिबंध अवधि में भी नदी में मशीनों और भारी वाहनों की आवाजाही देखी जा रही है। उनका आरोप है कि लगातार हो रहे खनन से नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो सकता है।
वहीं चुरुडू पंचायत के उपप्रधान जगपाल जसवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक जुलाई से 15 सितंबर तक मानसून के दौरान नदियों और खड्डों में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। वहीं, जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने भारी वर्षा और संभावित आपदाओं को देखते हुए 30 सितंबर तक निजी निर्माण कार्यों के लिए पहाड़ी कटान पर रोक लगा रखी है।
केवल सरकारी आपदा राहत एवं आवश्यक कार्यों के लिए सीमित छूट का प्रावधान है। यदि इसके बावजूद स्वां नदी में खनन किया जा रहा है तो यह नियमों का उल्लंघन है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि मानसून के दौरान खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। यदि कोई अवैध खनन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ऊना, जतिन लाल ने बताया कि जिले में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध के आदेश प्रभावी हैं और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामला मीडिया के माध्यम से उनके संज्ञान में आया है तथा इसकी जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।