धरुही में पकड़े खैर के पेड़ों के साथ वन विभाग की टीम। स्रोत विभाग
अंब (ऊना)। वन विभाग ने धरुही में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का प्रयास विफल करते हुए सात मोछे बरामद किए हैं। वन विभाग की गश्त के दौरान मिली इस जानकारी के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वार ब्लॉक के वन खंड अधिकारी विजय कुमार ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया रविवार रात के वक्त वह वनरक्षक अजय कुमार के साथ ज्वार बीट में रात्रि गश्त पर थे। रात करीब पौने दस बजे जब टीम धरुही के पास पहुंची तो उन्होंने सड़क के किनारे जंगल की कंटीली तार टूटी हुई पाई। जांच करने पर उन्होंने मौके से खैर के पेड़ों के कटे हुए छह मोछे बरामद किए जो कि बोरियों में भरकर रखे हुए थे। इसके अतिरिक्त एक मोछा पास ही पड़ा था। उन्होंने मौके से चोरी और कटाई में इस्तेमाल किए गए औजारों में एक इलेक्ट्रिक कटर और दो हाथ से चलने वाली आरी भी बरामद की। एसडीपीओ अंब ने बताया कि अंधेरा अधिक होने के कारण यह पता नहीं लगा पाए कि खैर के मोछे जंगल में किस विशिष्ट स्थान से काटे गए। उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।