ऊना। शहर में बिना अनुमति लगाए जा रहे विज्ञापन बोर्डों पर अब नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर की सुंदरता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अनियंत्रित विज्ञापन बोर्डों पर रोक लगाने के उद्देश्य से निगम ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन निगम की टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन अवैध विज्ञापन बोर्ड हटा दिए। निगम ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति लगाए गए किसी भी विज्ञापन बोर्ड को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार का होर्डिंग, विज्ञापन बोर्ड, फ्लेक्स या अन्य प्रचार सामग्री लगाने के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके बावजूद कई स्थानों पर बिना स्वीकृति के बोर्ड लगाए जा रहे है जिससे न केवल शहर की सौंदर्यता प्रभावित हो रही है बल्कि कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही थी। कुछ स्थानों पर बड़े बोर्ड सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। निगम ने ऐसे सभी अवैध विज्ञापन बोर्डों को चिह्नित करने का कार्य शुरू कर दिया है। पहले चरण में प्रमुख बाजारों, मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर लगे करीब एक दर्जन अवैध बोर्ड हटाए गए हैं। आने वाले दिनों में अभियान पूरे निगम क्षेत्र में लगातार जारी रहेगा। नगर निगम आयुक्त पृथी पाल सिंह ने व्यापारियों, निजी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और विज्ञापन एजेंसियों से अपील की कि वे नगर निगम के नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार का विज्ञापन लगाने से पहले आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करें।