ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत गांव कांगड़ की एक विवाहिता ने अपने पति, देवर और सास पर मारपीट व गाली-गलौज के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार विवाहिता ने शिकायत में बताया कि बीते सोमवार शाम सात बजे उसके पति अनूप कुमार और देवर रोहित कुमार ने उसके साथ झगड़ा कर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार उसका पति लगातार उससे दहेज की मांग कर रहा था। जब उसने पति को समझाया कि उसके माता-पिता गरीब हैं तो पति और देवर ने उसके साथ हाथापाई की।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे धमकाता है कि वह उसे मारकर खुद भी जान दे देगा। साथ ही पति और देवर उस पर गुजरात ले जाकर हत्या करने की धमकी भी देते हैं। वहीं, उसकी सास संतोष कुमारी भी उसके मायके वालों को गालियां देती है। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि महिला की शिकायत पर जांच जारी है।