श्री चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्रों के उपलक्ष मंदिर में माथा टेकने के लिए बारी का इंतजार
भरवाईं (ऊना)। संक्रांति के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार सुबह तड़के करीब साढ़े तीन बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद दूरदराज से पहुंचे भक्तों ने मां के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
शनिवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि कतारें मंदिर परिसर से लेकर पुराने बस अड्डे से भी आगे पहुंच गईं। भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहे। होमगार्ड के इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह और महिला होमगार्ड ममता शर्मा दर्शन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते रहे। मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। संक्रांति के शुभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में माथा टेकने पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।