अमर उजाला एक्सक्लूसिव
प्रशासन की ओर से नुकसान के दौरान करवाए गए सर्वेक्षण में हुआ खुलासा
भवनों का सारा पानी सड़कों पर धकेला, बेसमेंट वाले भवनों का खुद कोई बेस नहीं
बारिश से बिगड़ी ऊना की तस्वीर अभी भी सुधरती नहीं आ रही नजर
32 स्कूल भी आए तबाही के दायरे में, सवा एक करोड़ का नुकसान
जसवीर ठाकुर
ऊना। ऊना जिले में भारी बारिश से हुई तबाही को लेकर प्रशासन की रिपोर्ट में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। नुकसान का प्रमुख कारण प्राकृतिक आपदा से अधिक मानवीय लापरवाही को बताया गया है। जिला प्रशासन की ओर से कराए गए सर्वेक्षण में सामने आया है कि भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी, जल निकासी की अव्यवस्थित व्यवस्था और अन्य त्रुटियां आपदा को और गंभीर बना गईं।प्रभावित लोगों ने अपने घरों का वर्षा जल सड़कों पर छोड़ दिया, जिससे जलभराव की समस्या और विकराल हो गई। कई स्थानों पर मकान और दुकानें बेसमेंट से नीचे तक बना दी गई हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। जिन क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं थी, वहां 5 से 7 फीट तक जलभराव हुआ। बुधवार तक ऊना जिला की स्थिति सामान्य नहीं हो सकी थी। प्रभावित मकान मालिक और व्यापारी अभी तक नुकसान से उबर नहीं पाए हैं। अब तक जिला में 1.34 अरब रुपये से अधिक का नुकसान आंका गया है। शिक्षा विभाग के 32 स्कूलों को लगभग 1.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग को 73.89 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। जिसमें सड़कें और पुल प्रभावित हुए। नेशनल हाईवे अथॉरिटी को 27.5 करोड़, जल शक्ति विभाग को 42.7 करोड़, स्वां फ्लड प्रोटेक्शन विंग को 14 करोड़, बिजली बोर्ड को 1.5 करोड़, स्वास्थ्य विभाग को 10 लाख, शहरी विकास विभाग को 17.7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 11 कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं। इससे 15 लाख का नुकसान आंका गया है। 39 पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर 18 लाख, 40 कच्चे मकान आंशिक क्षतिग्रस्त होने पर 14 लाख, 63 गोशालाएं ध्वस्त होने से 14.75 लाख, 3 दुकानें पूरी तरह प्रभावित होने से 4 लाख, 15 दीवारें गिरने से 10.7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 11.5 लाख रुपये का अन्य नुकसान हुआ है।
जिलाधीश जतिन लाल ने बताया कि फील्ड से लगातार रिपोर्ट प्राप्त हो रही है और सभी विभाग नुकसान का आकलन कर सरकार को रिपोर्ट सौंप रहे हैं। आगे की कार्रवाई उसी के आधार पर की जाएगी। प्रशासन की टीमें पूर्ण मुस्तैदी के साथ फील्ड में काम कर रही हैं।