सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते एचअारटीसी कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
लगातार मांगों की अनदेखी के चलते एचआरटीसी की संयुक्त समन्वय समिति ने 14 और 15 जून को 48 घंटे की बस सेवा बंद कर हड़ताल का एलान कर दिया है। इससे रात 12 बजे निगम की बस सेवा पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। सोमवार को संयुक्त समन्वय समिति की बैठक वर्कशॉप ऊना में प्रधान संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान परिवहन कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मियों ने परिवहन मंत्री पर झूठी बयानबाजी करने के आरोप लगते हुए घोर निंदा की। संयुक्त समन्वय समिति के प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि परिवहन मंत्री ने धर्मशाला में प्रादेशिक जेसीसी का अपमान किया है, जिसकी परिवहन कर्मी निंदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री झूठी बयानबाजी कर हड़ताल को टालने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रादेशिक संयुक्त समन्वय समिति प्रदेश भर में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त परिवहन कर्मी भी संयुक्त समन्वय समिति के समर्थन के लिए हर पल तैयार है। इस अवसर पर संयुक्त समन्वय समिति के सचिव पवन कुमार, गगनदीप, हकीकत राय, नरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुदर्शन सिंह, शक्ति कुमार, रोशन लाल, कुलवंत सिंह, गुरवख्श, प्रदीप कुमार, हजारा सिंह, जरनैल सिंह, सुखदेव, पन्ना लाल, राजेश कुमार, रीना कुमारी, सविता प्रभाकर, प्रवीण कुमारी आदि मौजूद रहे।