बसों में पंजाब में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद उठाया कदम
होशियारपुर में बसों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर चिपका दिए थे
डीडीएम ऊना ने एसएसपी होशियापुर को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। एचआरटीसी की बसों में पंजाब में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद ऊना डिपो ने होशियारपुर के चार रूटों को रद्द कर दिया है। डीडीएम ऊना ने मामले की गंभीरता के चलते एसएसपी होशियारपुर से मंगलवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस मामले को लेकर चालक और परिचालक यूनियन ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में राज्य कार्यकारिणी जो भी फैसला लेगी उस पर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। पंजाब राज्य में एचआरटीसी बसों पर हुई तोड़फोड़ के बाद ऊना डिपो ने होशियारपुर जाने वाले चार रूट एहतियातन बंद कर दिए हैं। बीते दिनों होशियारपुर बस स्टैंड और रास्ते में हिमाचल की बसों को रोककर खालिस्तान समर्थक पोस्टर इनपर चिपकाए गए। इस घटना के बाद मंगलवार रात चंडीगढ़ से हमीरपुर जा रही बस को कुछ अज्ञात लोगों ने खरड़ में रोककर तोड़फोड़ की। उसके बाद मौके से भाग गए। इन घटनाओं के बाद निगम के अधिकारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसे में एचआरटीसी ऊना ने चार रूटों को रद्द कर दिया है। होशियारपुर बस स्टैंड पर निगम की बसों में पोस्टर लगाने और जबरन बसें रोकने के मामले में डीडीएम ऊना सुरेश धीमान ने एसएसपी होशियारपुर को शिकायत पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था बनाने की मांग उठाई। इस पर होशियारपुर एसएसपी ने सुरेश धीमान को आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था बस स्टैंड सहित अन्य क्षेत्रों में मजबूत कर दी गई है। इसे लेकर पुलिस अधिकारियों व जवानों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कोट्स
बसों में पोस्टर लगाने और सुरक्षा के मामले को लेकर बुधवार को एसएसपी होशियारपुर को शिकायत पत्र सौंपा गया है। ऊना डिपो के होशियारपुर होकर जाने वाले चार रूट अस्थायी रूप से बंद किए गए हैं। मामला शांत होते ही बसों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
सुरेश धीमान, डीडीएम एचआरटीसी ऊना।