बस अड्डा टिकट बुकिंग काउंटर पर टिकट कटवाने के लिए लगी कतारें। संवाद
ऊना। छुट्टियां खत्म होने के बाद हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रबंधन मुस्तैद नजर आया। ऊना बस अड्डा में सोमवार को टिकट बुकिंग काउंटर के बाहर लोगों की टिकट कटवाने को लेकर कतारें लगीं रहीं। निगम प्रबंधन ने बद्दी और चंडीगढ़ के लिए 20 अतिरिक्त बसें भेजी। जिसके चलते डेढ़ लाख रुपये अतिरिक्त आय निगम प्रबंधन ने एक दिन में अर्जित की है।
निगम के उप मंडलीय प्रबंधक सुरेश धीमान के अनुसार होली पर्व के चलते रविवार तक छुट्टी होने की सूरत में निगम प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए जिले से बाहर और बाहरी राज्यों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया और यह सिलसिला सोमवार तक जारी रहा है। सोमवार को भी ऊना बस अड्डा में लोगों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई गईं। इससे लोगों को काफी राहत मिली है।
बता दें कि होली पर्व के बाद बीच में रविवार की छुट्टी के चलते लोगों ने जहां एक ओर छुट्टियों का खूब लुत्फ उठाया तो वहीं दूसरी ओर वापस अपने-अपने गंतव्य और ड्यूटी पर पहुंचने के लिए निगम की बसों में सहजता से सफर करते नजर आए।
यात्री विवेक कुमार, सरिता देवी, सुमन, मुनमुन, विमला कुमारी, तारा देवी, सोनिया देवी का कहना है कि छुट्टियों के बाद के अपनी ड्यूटी के लिए बद्दी और चंडीगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
वे निगम की अतिरिक्त बसों में सफर करके पहुंचे हैं। निगम की इस सुविधा से उन्हें राहत मिली है तो वहीं समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच सके हैं।