सुविधा न होने से यात्रियों को करना पड़ता है दिक्कतों का सामना
ऊना रेलवे स्टेशन से रोजाना नौ ट्रेनों का होता है संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आईएसबीटी ऊना से रेलवे स्टेशन के लिए राइड विद प्राइड की सुविधा शुरू करने की योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। एचआरटीसी ऊना की तरफ से इस सुविधा को शुरू करने के लिए करीब छह माह पूर्व उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रस्ताव को अभी तक मंजूरी नहीं मिल पाई है। ऐसे में रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए लोगों को ऑटो या अन्य माध्यम को अपनाना पड़ रहा है।
ऊना रेलवे स्टेशन पर रोजाना नौ रेलगाड़ियां आती हैं। इनमें सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में ऊना रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद लोगों को ऊना बस स्टैंड तक आने के लिए ऑटो या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए एचआरटीसी ऊना ने गाड़ियों के समय के हिसाब से रेलवे स्टेशन से आईएसबीटी ऊना के लिए राइड विद प्राइड टैक्सी सुविधा शुरू करने की योजना तैयार की थी। इसके लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन अभी निगम की तरफ से इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से जहां बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने के लिए लोगों को टैक्सी सुविधा का लाभ मिलना था, वहीं रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड आने के लिए भी लोगों को परेशानी नहीं होनी थी। जबकि, ऊना से हरोली के लिए राइड विद प्राइड टैक्सी का संचालन किया जा रहा है। इसी तर्ज पर रेलवेे स्टेशन के लिए दस रुपये प्रति सवारी के हिसाब से सुविधा को शुरू किया जाना था लेकिन यह प्रस्ताव फाइलों में दबकर ही रह गया है।
कोट्स
रेलवे स्टेशन के लिए राइड विद प्राइड टैक्सी सुविधा शुरू करने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। निगम से मंजूरी मिलने के बाद ही यह सुविधा शुरू हो पाएगी।
ईं. सुरेश धीमान, डीडीएम एचआरटीसी ऊना