संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां से वृंदावन के लिए एचआरटीसी की बस सेवा चलाने की घोषणा की।
उन्होंने संत बाबा बाल की मांग पर यह एलान किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां में धार्मिक महासम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि ऊना धार्मिक नगरी है और यहां के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों और मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर सरकार का पूरा ध्यान है। संत बाबा बाल की कृपा से ऊना जिले में उत्सव का माहौल है। इससे लोगों को धर्म के बारे में जानने का मौका मिला है।
बाबा रुद्रानंद और बाबा बाल महाराज हमारे धर्मगुरु हैं। उन्होंने कहा कि वे धर्म में आस्था रखने वाले लोग हैं। हाल ही में उन्होंने वृंदावन-मथुरा जाने का अवसर मिला, जहां उन्होंने मंदिरों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इसी तरह तीर्थराज प्रयाग में महाकुंभ के ऐतिहासिक अवसर पर पवित्र स्नान का सौभाग्य प्राप्त हुआ और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। वहां मंदिरों में व्यवस्थाएं अनुकरणीय हैं, उनका अवलोकन भी किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने बाबा बाल और उपस्थित भक्तजनों को 12 फरवरी को बाथू में राजीव गांधी सामुदायिक भवन के सभागार में आयोजित माता के जागरण में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री ने पिछले वर्ष इसी दिन जागरण रखा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और वह 9 फरवरी को स्वर्ग सिधार गईं। उनकी इच्छा की पूर्ति के लिए इस वर्ष उसी तारीख और समय पर यह आयोजन किया जा रहा है।