ऊना। जिला ऊना में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी स्कूलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना ने जिले के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालय प्रभारियों तथा निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
जारी निर्देशों के अनुसार सभी स्कूल संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ समन्वय कर पात्र छात्राओं के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के साथ एचपीवी टीकाकरण सत्रों का कार्यक्रम तैयार करेंगे। प्रत्येक स्कूल में नियुक्त नोडल शिक्षक स्वास्थ्य विभाग के साथ लगातार संपर्क बनाए रखेंगे और अभियान में पूर्ण सहयोग देंगे। इसके अलावा नोडल शिक्षक पात्र छात्राओं और उनके अभिभावकों की पूर्व काउंसलिंग करेंगे, सहमति पत्र भरवाने में स्वास्थ्य विभाग की सहायता करेंगे तथा पीटीएम के दौरान सभी पात्र छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
शिक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पीटीएम सह टीकाकरण सत्रों के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए ताकि वे अभिभावकों को जागरूक कर अभियान के सफल संचालन में सहयोग कर सकें।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान ने कहा कि सभी स्कूलों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा सके।