घर पर नहीं मिले आरोपी युवक, घर खंगाले, परिजनों के लंबी पूछताछ
गढ़शंकर में 32 बोर की पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। होशियारपुर में दो युवकों से अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद मामले की जांच जिले के टाहलीवाल क्षेत्र तक पहुंच गई। पंजाब पुलिस की टीम ने शनिवार को ऊना जिले के टाहलीवाल थाना क्षेत्र के सिंगा गांव में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर संदिग्धों की तलाश की। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर टीम ने टाहलीवाल और सिंगा गांव के कुछ युवकों के घरों में छापा मारा और उनके परिजनों से लंबी पूछताछ की। हालांकि दबिश के दौरान युवक घर पर नहीं मिले और पुलिस को बिना किसी बरामदगी के लौटना पड़ा।
बताया जा रहा कि सिंगा गांव का एक युवक अपने पंजाब निवासी मित्र के साथ गढ़शंकर क्षेत्र में बाइक पर जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान सिंगा और टाहलीवाल के अन्य युवकों के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस टीम ने ऊना में दबिश दी। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या आरोपी किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या केवल हथियारों की सप्लाई शृंखला में माध्यम की भूमिका निभा रहे थे। इसके अलावा युवकों की फोन पर बातचीत का रिकाॅर्ड और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा। उधर, दबिश के बाद दोनों गांवों में हलचल का माहौल बना हुआ है और स्थानीय पुलिस भी मामले में समन्वय कर रही है। एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पंजाब पुलिस की टीम ने ऊना में छापा मारा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच होशियारपुर पुलिस कर रही है। इस संबंध में जिला पुलिस की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा।