भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी में दोपहर के समय मंदिर में माथा टेकने आए श्रद्धालुओं और होमगार्ड जवानों की आपस में भिड़ंत हो गई और दोनों तरफ से खूब हाथापाई हुई। मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों में आपसी समझौता होने के कारण इस झगड़े में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब से कुछ श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने आए हुए थे। दोपहर को 12 बजे के करीब माता रानी को भोग लगाने के समय मंदिर के कपाट आधे घंटे के लिए बंद किए जाते हैं और माता रानी को भोग लगाने के दौरान किसी को भी आधे घंटे के लिए माता रानी के दर्शन नहीं होते हैं। दोपहर को इसी दौरान मंदिर हाल में बैठे कुछ श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने की जिद करने लगे, तो मौके पर दर्शन स्थल पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने इन श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोका और कहा कि कुछ देर बाद मंदिर खुल जाएगा, तब आप माता रानी के दर्शन कर सकते हैं। अभी आप दर्शन नहीं कर सकते। इसी बात पर श्रद्धालु आग बबूला हो गए और ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ हाथापाई पर उतर आए। अकेले होमगार्ड पर तीन श्रद्धालु एक साथ टूट पड़े। जब इस बात का पता अन्य होमगार्डों को चला, तो तुरन्त बाकी के होमगार्ड मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपने साथी को श्रद्धालुओं से बचाया। इसके बाद होमगार्ड जवानों ने इन श्रद्धालुओं की अच्छी खासी खिदमत की।
इसके बाद चिंतपूर्णी पुलिस को सूचना मिली और मौके पर पुलिस भी पहुंची। इस पर श्रद्धालुओं द्वारा अपनी गलती मानने पर दोनों पक्षों में आपसी राजीनामा हो गया और इस संबंध में पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। चिंतपूर्णी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि कुछ श्रद्धालुओं ने होमगार्ड के साथ बदतमीजी व हाथापाई की थी। इसके बाद दोनों तरफ से मामला बढ़ गया था। पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।