प्रचंड गर्मी से लोग परेशान, लू का दिखने लगा असर, बाजार हुए सूनसान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रचंड गर्मी से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। दोपहर के समय चलने वाली लू के कारण लोग सबसे अधिक परेशान हो रहे हैं।
लू को लेकर जारी किए गए येलो अलर्ट का पूरा असर जिले भर में देखने को मिल रहा है। ऐसे में तेज धूप और लू के कारण लोग दोपहर के समय बाजार में काफी कम संख्या में निकल रहे हैं। आलम यह है कि भीषण गर्मी के चलते एसी और कूलर हांफना शुरू हो गए हैं। सुबह से ही लोग एसी का प्रयोग कर रहे हैं। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान कम दर्ज किया गया। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान कम होने के बावजूद शनिवार को भी लोगों को गर्मी और लू से कोई राहत नहीं मिली। धूप से बचने के लिए लोग छाते, शीतल पेय का प्रयोग कर रहे हैं। शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ऊना के विशेषज्ञ विनोद कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। वहीं, शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा।