बंगाणा (ऊना)। अब चौबीसों घंटे और सातों दिन आपात स्थिति में थानाकलां में ही लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में आपातकालीन सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लोग लंबे समय से आपातकालीन सेवाओं की मांग कर रहे थे जो अब पूरी हुई है।
कंवर ने थानाकलां में आधुनिक एक्स-रे मशीन का भी शुभारंभ किया। उन्होंने 15 दिन में थानाकलां सीएचसी में लोगों को डिजिटल एक्स-रे की सुविधा देने के निर्देश दिए। इसके लिए जरूरी तैयारियां निश्चित अवधि के अंदर पूरी कर ली जाएं। इसके बाद कंवर ने थानाकलां में 6 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे सीएससी नए भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि नया भवन लगभग एक वर्ष के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कंवर ने थानाकलां में प्रस्तावित टेलीमेडिसन सेंटर खोलने के लिए व्यवस्था का जायजा भी लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इसके लिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसन सेंटर से विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को सलाह देंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा सकें। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रमण कुमार शर्मा, गो सेवा आयोग के सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल शर्मा, अमृत लाल भारद्वाज, विकास आंगरा सहित अन्य मौजूद रहे।