15 ग्राम पंचायतों ने विभाग से सेवा शुरू करने के लिए भेजा प्रस्ताव
लंबे अरसे से उठ रही है सेवाएं शुरू करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सीएचसी धुसाड़ा में रात के समय स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत ने मांग उठाई है। पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थापित सीएचसी धुसाड़ा सड़क हादसों के लिहाज से संवेदनशील है। इसे लेकर स्थानीय विधायक भी अस्पताल में रात के समय स्वास्थ्य सुविधाएं देने का आश्वासन दे चुके हैं। उपमंडल अंब के तहत सीएसची धुसाड़ा में रात के समय चिकित्सक और आवश्यक स्टॉफ की तैनाती को लेकर एक बार फिर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार ग्राम पंचायत की तरफ से इस मांग को उठाया गया है। पंचायत ने मांग उठाई है कि रात्रि में केंद्र बंद होने पर मरीजों को पंजाब या जिला मुख्यालय ऊना का रुख करना पड़ता है। खास तौर पर सड़क हादसे के दौरान घायल को बचाने के लिए जल्द से जल्द प्राथमिक उपचार देने की जरूरत रहती है। वर्तमान में रात के समय यहां व्यवस्था न होने के कारण मरीज को 15 किलोमीटर दूर क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचना पड़ता है। ऐसे में कई बार एंबुलेंस किसी दूसरे स्थान पर होने के कारण घायल को ऊना पहुंचाने में भी देरी हो जाती है। सीएचसी धुसाड़ा में रात के समय स्वास्थ्य सेवा शुरू करने के लिए भवन व कमरों की पूरी व्यवस्था है। ऐसे में केवल चिकित्सक व अन्य स्टाफ की तैनाती की ही जरूरत है। इस सड़क मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे भी होते रहते हैं।
बॉक्स
सीएचसी धुसाड़ा में रात के समय आपातकाल में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने के लिए पंचायत के अलावा आसपास की करीब 15 पंचायतों के तरफ से प्रस्ताव पारित कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। इसके अलावा विधायक सुदर्शन सिंह बबलू को भी यह प्रस्ताव सौंपा गया है।
नीरू बाला, प्रधान ग्राम पंचायत धुसाड़ा
कोट्स
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि सीएचसी धुसाड़ा में रात के समय स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने के लिए पंचायत की तरफ से प्रस्ताव मिला है। आगामी प्रक्रिया उच्च अधिकारियों की तरफ से ही की जानी है।