ऊना। मोबाइल फोन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल बच्चों की शारीरिक और मानसिक सेहत को प्रभावित कर रहा है। इससे आंखों की कमजोरी, गर्दन संबंधी समस्याएं और सोचने-समझने की क्षमता पर भी असर पड़ सकता है।
ऐसे में विद्यार्थियों को मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करना चाहिए और पढ़ाई के साथ अपनी सेहत का भी ध्यान रखना चाहिए। यह बात जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. किरण शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल में आयोजित अपराजिता 100 मिलियन स्माइल कार्यक्रम के दौरान कही।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. किरण शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि विद्यार्थियों को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बाल संरक्षण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और महिला उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होंगे, तभी बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे और अपने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर पाएंगे।
विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और खानपान में पौष्टिक चीजों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि समझदार और जिम्मेदार व्यक्ति बनना भी है। विद्यार्थियों को सकारात्मक और मजबूत विचारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
स्कूल प्रिंसिपल नेशनल अवार्डी प्रदीप सिंह ने अमर उजाला कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों की मानसिकता में बदलाव आता है और बौद्धिक विकास होता है। कक्षा नौवीं की छात्रा आरूषि ने पूछा कि परीक्षा के दौरान तनाव होने पर क्या करना चाहिए।
डॉ. किरण शर्मा ने कहा कि पहले अपनी तैयारी टाइम टेबल के हिसाब से करें और परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहने के लिए अपने ऊपर किसी भी तरह का दबाव हावी न होने दें।
छात्रा आन्नय ने का कहा कि डॉक्टर बनने के लिए किस तरह की पढ़ाई करनी चाहिए। डॉ. किरण शर्मा ने कहा कि मेडिकल विषय का चयन करें और पढ़ाई करने के लिए अपना टाइम टेबल तय करके रोजाना सकारात्मक सोच के साथ काम करें।
11वीं नॉन मेडिकल कक्षा की छात्रा दिव्य ने पूछा कि अपनी इच्छा शक्ति को बढ़ाने के लिए क्या करें। डॉ. किरण शर्मा ने कहा कि इच्छा शक्ति को बढ़ाने के लिए विचारों को पॉजिटिव रखें और जो भी काम करें, पूरी लगन के साथ करें।
छात्रा मान्या ने पूछा कि बच्चे डरते हैं। डर को दूर करने के लिए क्या रास्ता है। डॉ. किरण शर्मा ने कहा कि अपने मन से डर को दूर करने के लिए खुद पर भरोसा करना सीखो।