बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा में बरसात का मौसम सर्पदंश के दृष्टिकोण से चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है। बीते वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार व्यापक तैयारियां कर ली हैं। विभाग ने संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए छह प्रमुख अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन की पर्याप्त व्यवस्था की है। बंगाणा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि बरसात के दौरान खेतों और खुले क्षेत्रों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर किसानों, मजदूरों और बच्चों को जागरूक रहना होगा। डॉ. नरेश ने कहा कि सांप अक्सर सूखे और सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों, खलिहानों, झाड़ियों और जल निकासी वाले क्षेत्रों में छिप जाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग अपने घरों के आसपास सफाई रखें, खिड़की-दरवाजों को जालीदार बनाएं और रात्रि में टॉर्च का प्रयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जनसाधारण बरसात के इस संवेदनशील मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और किसी भी सर्पदंश की स्थिति में बिना समय गंवाए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें। समय पर उपचार से जीवन बचाना संभव है।
इन स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध है एंटी वेनम
सिविल हॉस्पिटल बंगाणा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लठियाणी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चमियाडी में एंटी वेनम उपलब्ध है।
बरतें ये सावधानियां
खेत में जाते समय पैरों को पूरी तरह ढकने वाले जूते पहनें।
झाड़ियों व गंदगी से दूरी बनाए रखें।
बच्चों को खुले स्थानों पर खेलने से रोकें।
घरों के आसपास कूड़ा-कचरा और जलभराव न होने दें।
रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।